केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, देशवासियों के लिए 7 बड़ी खुशखबरी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने रेलवे के विस्तार और आधुनिकीकरण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सात हाई डेंसिटी रेलवे कॉरिडोर को चार लाइन वाला बनाने की मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं से व्यस्त रेल मार्गों पर ट्रेनों की आवाजाही आसान होने के साथ यात्री और माल ढुलाई की क्षमता भी बढ़ने की उम्मीद है।

इन प्रमुख रेल मार्गों पर होगा काम

सरकार की योजना दिल्ली-मुंबई, मुंबई-चेन्नई, चेन्नई-कोलकाता, कोलकाता-दिल्ली, दिल्ली-चेन्नई और मुंबई-कोलकाता समेत महत्वपूर्ण रेल मार्गों को मजबूत करने की है। इसके अलावा खड़गपुर से झारसुगुड़ा तक 367 किलोमीटर की चौथी रेल लाइन को मंजूरी मिली है, जिस पर करीब 6,528 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वहीं अरक्कोनम से रेणिगुंटा तक 77 किलोमीटर की तीसरी और चौथी लाइन विकसित की जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 1,936 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

5 राज्यों के 14 जिलों को फायदा

इन परियोजनाओं का असर पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के 14 जिलों तक पहुंचेगा। करीब 4,790 गांवों के 56 लाख लोगों को बेहतर रेल संपर्क मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, अमरकंटक, अचनकमार और कई धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से रेलवे के बेहद व्यस्त मार्गों पर क्षमता बढ़ेगी और आने वाले वर्षों में बढ़ने वाले यातायात को संभालने में मदद मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment