केंद्र सरकार का फैसला! केंद्रीय कर्मचारियों को मिली 3 बड़ी खुशखबरी, बढ़ेगी सुविधाएं

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लाखों केंद्रीय कर्मचारियों को राहत देते हुए जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान-निकोबार और नॉर्थ-ईस्ट की हवाई यात्रा से जुड़ी LTC की विशेष सुविधा को दो साल के लिए बढ़ा दिया है। अब पात्र कर्मचारी इस सुविधा का लाभ 25 सितंबर 2028 तक उठा सकेंगे।

होमटाउन LTC को टूर में बदलने की सुविधा

इस योजना के तहत कर्मचारी चार साल के ब्लॉक में मिलने वाली अपनी एक होमटाउन LTC को नॉर्थ-ईस्ट, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर या लद्दाख की यात्रा के लिए कन्वर्ट करा सकते हैं। इससे उन कर्मचारियों को भी अतिरिक्त समय मिल गया है, जो पहले तय अवधि में यात्रा नहीं कर पाए थे।

नए कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा

कम सेवा अवधि वाले नए केंद्रीय कर्मचारियों के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध है। पात्र कर्मचारी अपने निर्धारित होमटाउन LTC में से एक को इन विशेष क्षेत्रों की यात्रा के लिए बदल सकते हैं। कुछ मामलों में जम्मू-कश्मीर या लद्दाख के लिए अतिरिक्त होमटाउन LTC कन्वर्जन का प्रावधान भी है।

हवाई यात्रा के लिए तय किए गए रूट

जिन कर्मचारियों को सामान्य तौर पर हवाई यात्रा की अनुमति नहीं है, वे भी योजना के तहत इकोनॉमी क्लास में निर्धारित मार्गों से सफर कर सकते हैं। इनमें कोलकाता/गुवाहाटी से नॉर्थ-ईस्ट, दिल्ली/अमृतसर से जम्मू-कश्मीर या लद्दाख और कोलकाता/चेन्नई/विशाखापट्टनम से पोर्ट ब्लेयर के रूट शामिल हैं। संबंधित हब शहर तक पहुंचने के लिए निर्धारित श्रेणी में ट्रेन यात्रा का नियम लागू रहेगा।

किन्हें नहीं मिलेगा लाभ?

जिस कर्मचारी का होमटाउन और उसका हेडक्वार्टर या नौकरी का स्थान एक ही है, वह इस विशेष कन्वर्जन सुविधा का लाभ नहीं उठा सकता, क्योंकि उसे होमटाउन LTC का अधिकार नहीं होता। हालांकि, इस नियम में बदलाव की मांग भी उठाई जा रही है।

0 comments:

Post a Comment