यूपी सरकार की बड़ी तैयारी! बेटियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, अब मिलेंगी फ्री स्कूटी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की मेधावी छात्राओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सरकार की योजना के तहत पहले चरण में 40 हजार छात्राओं को स्कूटी देने की तैयारी है। इसके लिए 320 करोड़ रुपये की लागत से खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

26 सितंबर तक कंपनियां कर सकेंगी आवेदन

उच्च शिक्षा विभाग ने स्कूटी खरीदने के लिए जेम पोर्टल पर निविदा जारी की है। इसमें कंपनियां 26 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकती हैं, जबकि 27 सितंबर को टेंडर खोला जाएगा। खरीद पूरी होने के बाद पात्र छात्राओं को स्कूटी वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

टॉप 5 फीसदी छात्राओं का होगा चयन

योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक पूरा करने वाली उच्च शिक्षण संस्थानों की शीर्ष 5 प्रतिशत छात्राओं को मेरिट के आधार पर लाभ देने का प्रावधान है। दिव्यांग छात्राओं, बलिदानी सैनिकों के परिवार की बेटियों और निराश्रित बालिकाओं को निर्धारित मेरिट में 10 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। छात्राओं को केवल स्कूटी ही नहीं मिलेगी, बल्कि रजिस्ट्रेशन, बीमा और हेलमेट की सुविधा भी दी जाएगी। शुरुआती ईंधन की व्यवस्था भी योजना में शामिल है।

अक्टूबर-नवंबर में वितरण की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगस्त में लखनऊ के एक कार्यक्रम में अक्टूबर-नवंबर के दौरान 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने की घोषणा की थी। इसी दिशा में अब पहले चरण की 40 हजार स्कूटी खरीदने की प्रक्रिया शुरू हुई है।

योजना का उद्देश्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं के लिए आवागमन को आसान बनाना और उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। पात्रता और चयन संस्थानों की मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment