यूपी में फिर बदलेगा मौसम! 40 जिलों में बारिश का नया दौर, जानें मौसम का हाल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को धूप निकलने के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई दे सकता है। इसके चलते अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला फिर सक्रिय होने के आसार हैं।

23 सितंबर से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

बुधवार से यूपी के कई इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, राजधानी लखनऊ में भी बुधवार से बारिश की संभावना है। करीब 40 से अधिक जिलों में अगले 48 घंटे के दौरान अच्छी वर्षा के संकेत हैं।

28 सितंबर तक कई जिलों में बरसेंगे बादल

पूर्वी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में 28 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसका असर पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी देखने को मिल सकता है।

अक्टूबर में शुरू होगी मानसून की वापसी

प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब छह प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी यूपी में मानसून की वापसी आमतौर पर 28 से 30 सितंबर के बीच शुरू हो जाती है, जबकि लखनऊ समेत पूर्वी यूपी में इसकी सामान्य तारीख 4 अक्टूबर मानी जाती है। फिलहाल पूर्वी यूपी में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है, वहीं पश्चिमी यूपी में यह कमी सिर्फ 0.4 प्रतिशत है। नए बारिश के दौर से वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment