यूपी में 24 घंटे मिलेगी बिजली, उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के दौरान बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार ने बिजली विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं। तय शेड्यूल के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही फीडर स्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। इससे प्रदेश के 3 करोड़ से अधिक शहरी और ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं को फायदा मिलने की उम्मीद है।

22 सितंबर को लखनऊ स्थित शक्ति भवन में प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बिजली व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में निर्देश दिया गया कि त्योहारों के दौरान बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सभी डिस्कॉम पहले से पूरी तैयारी रखें।

हर दो घंटे में होगी बिजली सप्लाई की निगरानी

बिजली वितरण कंपनियों के कंट्रोल रूम से हर दो घंटे में फीडरवार रिपोर्ट ली जाएगी। किसी इलाके में अचानक फॉल्ट, ब्रेकडाउन या सप्लाई बाधित होने पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल जानकारी लेकर समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के आंकड़ों की भी लगातार निगरानी होगी।

लाइन लॉस वाले इलाकों पर विशेष फोकस

बैठक में अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों की पहचान कर उनके लिए अलग कार्ययोजना बनाने को कहा गया है। बिजली चोरी और तकनीकी नुकसान कम करने के लिए जांच अभियान चलाने के साथ ही नए सबस्टेशन और ट्रांसफॉर्मर से जुड़े काम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। बार-बार फॉल्ट वाले क्षेत्रों को भी हॉटस्पॉट मानकर विशेष निगरानी की जाएगी।

कोयले की कमी से निपटने की तैयारी

त्योहारी सीजन में बिजली की मांग बढ़ने के साथ कोयले की उपलब्धता को लेकर भी विभाग अलर्ट है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कोयले की कमी से बिजली उत्पादन प्रभावित न हो। जरूरत पड़ने पर पावर एक्सचेंज से बिजली खरीदने की वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाएगी।

सभी डिस्कॉम के एमडी को रोजाना बिजली आपूर्ति की समीक्षा कर मुख्यालय को फीडरवार रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली उपलब्ध कराना और शिकायतों का तेजी से समाधान करना है।

0 comments:

Post a Comment