सीएम योगी की बड़ी तैयारी, यूपी के किसानों के लिए 2 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए कृषि ऋण को सस्ता करने की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की शुरुआत करेंगे। योजना के तहत लघु और सीमांत किसानों को सहकारी ग्राम विकास बैंक के जरिए 6 प्रतिशत ब्याज दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।

11.50% तक की दर से घटकर 6% होगा ब्याज

अभी सहकारी ग्राम विकास बैंक से कृषि ऋण पर करीब 11 से 11.50 प्रतिशत तक ब्याज लिया जाता है। नई व्यवस्था में पात्र किसानों को यह ऋण 6 प्रतिशत की दर पर मिलेगा। योजना के लिए 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

किसान इस योजना के तहत अधिकतम 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण ले सकेंगे। सरकार का लक्ष्य अगले 5 वर्षों में 5 लाख किसानों को योजना से जोड़ना है। नियमित रूप से पुराने ऋण की किस्त चुकाने वाले किसानों को भी ब्याज अनुदान का लाभ मिलने की बात कही गई है।

ऑनलाइन होगी ऋण मंजूरी

कृषक समृद्धि योजना के तहत आवेदन और ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी जाएगी। इसके लिए अलग ई-पोर्टल शुरू किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग का ऊर्वरक सेतु ऐप और उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर का UPCDC मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा।

दूसरी बड़ी पहल: भारत टैक्सी सेवा

मुख्यमंत्री इसी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा की भी शुरुआत करेंगे। दोनों पहलों का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे, 5-कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास से प्रस्तावित है। कार्यक्रम में सहकारिता, कृषि, परिवहन और नागर विमानन विभाग से जुड़े मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

0 comments:

Post a Comment