बढ़ती ठंड और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अलग-अलग जिलों में कक्षाओं के स्तर के अनुसार अवकाश घोषित किया गया है।
उत्तर प्रदेश के किन जिलों में कितनी छुट्टी
प्रयागराज, लखनऊ, बदायूं, रायबरेली, मेरठ, शाहजहांपुर में कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयागराज में यह अवकाश 15 जनवरी तक घोषित किया गया है। शाहजहांपुर और बदायूं में 14 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी हुआ है। जबकि लखनऊ में प्राथमिक से आठवीं तक के स्कूल आठ जनवरी तक बंद रहेंगे।
लखीमपुर खीरी में ठंड की गंभीरता को देखते हुए कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं शामली में सात जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सभी बोर्डों से संचालित निजी स्कूलों पर भी लागू होंगे।
लखनऊ में बदला गया स्कूलों का समय
राजधानी लखनऊ में कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल पूरी तरह बंद नहीं किए गए हैं, बल्कि उनका समय परिवर्तित किया गया है। अब इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा और केवल कक्षा नौ से 12वीं तक की कक्षाएं ही संचालित होंगी।
लखीमपुर खीरी में विशेष व्यवस्था
लखीमपुर खीरी में इंटर तक के सभी स्कूल 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। हालांकि जिन विद्यालयों में प्री-बोर्ड या प्रयोगात्मक परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां हाईस्कूल और इंटर के छात्रों को तय समय पर बुलाकर परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके अलावा जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ या मतदान संबंधी कार्यों में लगी है, वे अपने दायित्व निभाते रहेंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी अवकाश
कड़ाके की ठंड को देखते हुए बदायूं और लखीमपुर खीरी सहित कुछ जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों को भी 14 जनवरी तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि अवकाश के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं केंद्रों पर आवश्यक प्रशासनिक कार्य, जैसे पोषण ट्रैकर पर उपस्थिति और ड्राई राशन वितरण से जुड़े काम करती रहेंगी।

0 comments:
Post a Comment