यूपी में बसेगी नई टाउनशिप, इन शहरों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आवास की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद मोहनलालगंज क्षेत्र में दो विशाल आवासीय टाउनशिप विकसित करने की योजना को अमलीजामा पहनाने जा रही है। इन योजनाओं के तहत किसानों की सहमति से लैंड पूलिंग मॉडल के माध्यम से करीब 4500 एकड़ भूमि जुटाई जाएगी, जहां भविष्य में आठ लाख से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

फरवरी से शुरू होगी जमीन जुटाने की प्रक्रिया

इन दोनों आवासीय योजनाओं को पहले ही परिषद के बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। अब फरवरी से जमीन पर काम शुरू करने की तैयारी है। आवास विकास परिषद किसानों से सीधे भूमि अधिग्रहण नहीं करेगी, बल्कि सहमति आधारित लैंड पूलिंग नियम के तहत जमीन ली जाएगी। इससे किसानों को विकसित प्लॉट के रूप में लाभ मिलने की संभावना है।

कहां विकसित होंगी ये योजनाएं

पहली योजना के लिए मोहनलालगंज क्षेत्र के कई गांवों की भूमि चिन्हित की गई है, जिनमें चांद सराय, कासिमपुर, बिरूहा, हबुआपुर, मोअज्जम नगर, सठवारा, सिद्धपुरा, भटवारा, टिकरिया, कबीरपुर, मगहुआ और बेली जैसे गांव शामिल हैं। वहीं दूसरी योजना, जिसे योजना संख्या तीन कहा जा रहा है, उसके अंतर्गत देहरामऊ, पहासा, बेली, शिथौलीकला, शिवलर और हबुआपुर गांवों की भूमि प्रस्तावित है।

सौमित्र विहार योजना में रजिस्ट्री

मोहनलालगंज के जेल रोड क्षेत्र में प्रस्तावित सौमित्र विहार योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। करीब 250 एकड़ में फैली इस योजना के लिए अधिकांश जमीन पहले ही किसानों से ली जा चुकी है। अक्टूबर 2025 में किसानों को विकसित भूमि देने के लिए लॉटरी कराई गई थी और अब रजिस्ट्री की प्रक्रिया चल रही है। यह क्षेत्र अयोध्या, सुलतानपुर, प्रयागराज और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ाव के कारण तेजी से आवासीय हब के रूप में उभर रहा है।

दो योजनाएं एलडीए को सौंपी गईं

हालांकि परिषद ने मोहनलालगंज क्षेत्र में चार योजनाएं लाने की तैयारी की थी, लेकिन बाद में योजना संख्या दो और चार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को सौंप दिया गया। इन क्षेत्रों में अब आईटी सिटी और वेलनेस सिटी जैसी आधुनिक परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। आईटी सिटी योजना का शुभारंभ जल्द होने वाला है। 

वाराणसी और प्रतापगढ़ में भी तैयारी

सिर्फ लखनऊ ही नहीं, बल्कि वाराणसी में भी आवास विकास परिषद बड़ी योजना पर काम कर रही है। लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास काशीद्वार योजना के लिए भूमि जुटाई जा रही है। इसके अलावा प्रतापगढ़ में भी नई आवासीय योजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

0 comments:

Post a Comment