बिहार सरकार का बड़ा फैसला, किसानों के लिए खुशखबरी!

पटना। बिहार सरकार ने नए साल की शुरुआत में गन्ना किसानों को बड़ी राहत दी है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इस फैसले से राज्य के हजारों गन्ना उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

सरकार द्वारा तय की गई नई दरों के अनुसार अब उत्तम प्रजाति के गन्ने का मूल्य 380 रुपये प्रति क्विंटल, सामान्य प्रजाति का 360 रुपये प्रति क्विंटल और निम्न प्रजाति का 330 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। पहले की तुलना में यह बढ़ोतरी 15 से 20 रुपये प्रति क्विंटल तक की है, जो किसानों के लिए काफी मायने रखती है।

इसके साथ ही सरकार ने किसानों को अतिरिक्त राहत देते हुए पिछली व्यवस्था को भी जारी रखने का फैसला किया है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित 10 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त भुगतान इस वर्ष भी सभी श्रेणियों के गन्ने पर मिलेगा। यानी अब किसानों को उत्तम प्रजाति के लिए कुल 390 रुपये, सामान्य के लिए 370 रुपये और निम्न प्रजाति के लिए 340 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।

आपको बता दें की यह निर्णय पटना में गन्ना उद्योग विभाग और राज्य के चीनी मिल मालिकों के बीच हुई बैठक में लिया गया, जिससे यह भी स्पष्ट होता है कि सरकार किसानों और उद्योग दोनों के हितों में संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

बिहार में गन्ना उत्पादन का केंद्र पश्चिम चंपारण जिला माना जाता है, जहां सबसे अधिक गन्ने की खेती होती है। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पटना और भागलपुर जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में किसान गन्ना उगाते हैं। नई दरों का असर इन सभी क्षेत्रों के किसानों की आर्थिक स्थिति पर सकारात्मक रूप से पड़ेगा।

0 comments:

Post a Comment