बिहार में 'महिलाओं' के लिए खुशखबरी, सरकार ला रही है नया प्लान!

पटना। बिहार सरकार नए साल में महिला सशक्तीकरण को और मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक जीविका दीदियों के लिए सरकार एक नया और महत्वाकांक्षी मास्टर प्लान तैयार कर रही है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़कर उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।

गांव से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा उत्पाद

नई योजना के तहत जीविका दीदियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके जरिए उत्पादन, बिक्री और बाजार से जुड़ी जरूरी जानकारियां समय पर महिलाओं तक पहुंचाई जाएंगी। सरकार का मानना है कि यदि सही सूचना तंत्र विकसित हो जाए, तो गांव में बने उत्पाद देश ही नहीं बल्कि विदेशी बाजारों तक भी पहुंच सकते हैं।

समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश

ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को इस दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचना तकनीक से जुड़ाव जीविका दीदियों को सही मूल्य, बेहतर ग्राहक और स्थायी आय का माध्यम दे सकता है।

करोड़ों महिलाओं को मिला रोजगार

बैठक में जीविका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमांशु शर्मा ने बताया कि अब तक 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा चुका है। भविष्य में कार्य की प्रगति के आधार पर महिलाओं को दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता देने की भी योजना है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।

ग्रामीण स्तर पर पैकेजिंग और मार्केटिंग पर जोर

जीविका दीदियों और किसानों द्वारा तैयार उत्पादों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग गांव स्तर पर ही होनी चाहिए। इसके लिए हर ब्लॉक में कम से कम एक पैकेजिंग हाउस स्थापित करने की योजना पर काम करने के निर्देश दिए गए। इससे उत्पादों की गुणवत्ता बनी रहेगी और बाजार में उनकी पहचान मजबूत होगी।

0 comments:

Post a Comment