कंप्यूटर साइंस के छात्र को मिला रिकॉर्डतोड़ ऑफर
आईआईटी हैदराबाद के बीटेक कंप्यूटर साइंस अंतिम वर्ष के छात्र एडवर्ड नाथन वर्गीस को नीदरलैंड की प्रतिष्ठित ग्लोबल ट्रेडिंग कंपनी ऑप्टिवर (Optiver) ने 2.5 करोड़ रुपये सालाना का पैकेज ऑफर किया है। यह पैकेज न केवल आईआईटी हैदराबाद बल्कि संस्थान के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा सैलरी ऑफर बन गया है।
कौन हैं एडवर्ड नाथन वर्गीस?
21 वर्षीय एडवर्ड नाथन वर्गीस आईआईटी हैदराबाद के अंतिम वर्ष के छात्र हैं। वे मूल रूप से हैदराबाद के निवासी हैं, जबकि उनकी स्कूली शिक्षा कक्षा 7वीं से 12वीं तक बेंगलुरु में हुई। इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आने वाले एडवर्ड के माता-पिता भी पेशे से इंजीनियर हैं। कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे संस्थान का नाम रोशन किया है।
पुराने रिकॉर्ड को किया पीछे
एडवर्ड को मिला यह पैकेज वर्ष 2017 में बने 1.1 करोड़ रुपये के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुका है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही है और लोग उनकी मेहनत व लगन की सराहना कर रहे हैं।
मेहनत और कौशल का नतीजा
यह सफलता किसी संयोग का परिणाम नहीं है। एडवर्ड ने पढ़ाई के साथ-साथ अपने तकनीकी कौशल, समस्या समाधान क्षमता और प्रोग्रामिंग पर लगातार काम किया। उन्होंने अकादमिक ज्ञान के साथ इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स पर भी विशेष ध्यान दिया, जिसका सीधा लाभ उन्हें प्लेसमेंट के दौरान मिला।

0 comments:
Post a Comment