मुंबई से बिहार आने वालों की बल्ले-बल्ले! आरा होकर चलेंगी 2 पूजा स्पेशल ट्रेनें, जानें पूरा रूट

आरा। त्योहारों पर मुंबई से बिहार लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। दोनों ट्रेनें लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से चलकर आरा जंक्शन से गुजरेंगी। इनमें एक ट्रेन समस्तीपुर और दूसरी दानापुर तक जाएगी। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होने की उम्मीद है।

15 अक्टूबर से समस्तीपुर के लिए ट्रेन

ट्रेन नंबर 01043/44 LTT-समस्तीपुर एसी स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। LTT से यह दोपहर 12:15 बजे रवाना होकर ठाणे, कल्याण, भुसावल, इटारसी, जबलपुर और प्रयागराज छिवकी के रास्ते बिहार पहुंचेगी। ट्रेन अगले दिन डीडीयू, बक्सर और आरा में शाम 6:10 बजे पहुंचेगी, जबकि रात 11:45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी।

वापसी में समस्तीपुर से यह ट्रेन गुरुवार सुबह 3 बजे चलेगी और आरा से सुबह 7:13 बजे रवाना होगी। इसमें थर्ड एसी इकोनॉमी के 18, सेकेंड एसी के 2 और जनरेटर कार के 2 कोच समेत कुल 22 कोच होंगे।

LTT-दानापुर स्पेशल रोजाना चलेगी

ट्रेन नंबर 01143/44 LTT-दानापुर स्पेशल 11 अक्टूबर से 23 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। LTT से सुबह 10:30 बजे चलने के बाद ट्रेन अगले दिन शाम 5:20 बजे डीडीयू, 6:33 बजे बक्सर और 7:48 बजे आरा पहुंचेगी। इसके बाद रात 9:50 बजे दानापुर पहुंचेगी।

वापसी में दानापुर से रात 12:10 बजे ट्रेन रवाना होगी और आरा में 12:40 बजे ठहरेगी। इस ट्रेन में जनरल के 4, स्लीपर के 11 और थर्ड एसी के 2 कोच समेत कुल 22 कोच होंगे।

आरा के यात्रियों को खास फायदा

दोनों पूजा स्पेशल ट्रेनों का आरा में ठहराव भोजपुर और आसपास के यात्रियों के लिए अहम है। खासकर छठ के समय मुंबई से घर लौटने वालों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment