जानकारी के मुताबिक बोनस की राशि 15 अक्टूबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजे जाने की तैयारी है। इस भुगतान पर कंपनी करीब 2,216 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसमें कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों के पात्र कर्मचारी भी शामिल हैं। अकेले बीसीसीएल के करीब 31 हजार कर्मचारियों को इसका लाभ मिलने की बात कही गई है।
1.25 लाख रुपये की हुई थी मांग
बोनस को लेकर कोल इंडिया मुख्यालय में एपेक्स जेसीसी की बैठक हुई थी। श्रमिक संगठनों ने शुरुआत में 1.25 लाख रुपये बोनस की मांग रखी थी। कई दौर की बातचीत के बाद आखिरकार 1,10,250 रुपये पर सहमति बनी। बैठक में कंपनी के उत्पादन, कोयला आपूर्ति और बाजार की स्थिति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
पिछले तीन साल में लगातार बढ़ा बोनस
कोयला कर्मचारियों के बोनस में पिछले कुछ वर्षों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। आंकड़ों के मुताबिक 2024 में ₹93,750, 2025 में ₹1,03,000, 2026 में ₹1,10,250 यानी 2024 की तुलना में 2026 का बोनस ₹16,500 ज्यादा है।
इन कंपनियों के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
PLR का लाभ कोल इंडिया की पात्र अनुषंगी कंपनियों के कर्मचारियों को मिलेगा। इनमें BCCL, CCL, ECL, MCL, NCL, SECL और CMPDIL शामिल हैं। इसके अलावा बैठक में ठेका श्रमिकों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया। कोल इंडिया की ओर से संबंधित कंपनियों को नियमों के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाने की तैयारी है।
मानसून के दौरान उत्पादन और डिस्पैच पर पड़े असर के बाद अब कोयले की मांग और आपूर्ति की स्थिति में सुधार आने की जानकारी भी प्रबंधन ने दी। बोनस की घोषणा से त्योहारी सीजन से पहले हजारों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment