यूपी के किसानों की बल्ले-बल्ले! योगी सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी, जानें किसे मिलेगा फायदा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लघु एवं सीमांत किसानों के लिए योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। कृषि कार्य और उससे जुड़ी गतिविधियों के लिए किसानों को अब रियायती दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की गई है। योजना के तहत पात्र किसानों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण मिल सकेगा।

6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा ऋण

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को प्रभावी 6 प्रतिशत ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि जो किसान समय पर अपनी ऋण की किस्तों का भुगतान करेंगे, उन्हें राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। इससे किसानों पर कर्ज का वित्तीय बोझ कम करने में मदद मिल सकती है।

पांच साल में 5 लाख किसानों को लाभ

योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। सरकार ने अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। ऋण का इस्तेमाल केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि आधारित दूसरी गतिविधियों और जरूरी पूंजीगत निवेश के लिए भी किया जा सकेगा।

ऑनलाइन होगी ऋण प्रक्रिया

किसानों के लिए ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए ऑनलाइन व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पात्र किसानों को आवेदन और ऋण प्रक्रिया में सुविधा मिल सके।

समय पर कर्ज चुकाने वाले को सम्मान

योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की विभिन्न शाखाओं से जुड़े ऐसे ऋणी सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने निर्धारित समय पर अपने ऋण की अदायगी की है। जनप्रतिनिधियों ने सहकारी संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

0 comments:

Post a Comment