1 .PM-KISAN से हर साल मिलती है आर्थिक मदद
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र भूमि-धारक किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आय सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाती है। योजना का पूरा वित्तीय भार केंद्र सरकार उठाती है।
PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, योजना के लाभ के लिए eKYC अनिवार्य है। किसान पोर्टल पर अपना स्टेटस, लाभार्थी सूची और पंजीकरण से जुड़ी जानकारी भी देख सकते हैं।
2 .Kisan Credit Card से खेती के लिए कर्ज की सुविधा
खेती के दौरान किसानों को बीज, खाद, सिंचाई और दूसरी जरूरतों के लिए पैसों की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) काम आता है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को समय पर और पर्याप्त कृषि ऋण उपलब्ध कराना है।
myScheme के अनुसार KCC के जरिए फसल उत्पादन के अलावा कटाई के बाद के खर्च, कृषि संपत्तियों के रखरखाव और खेती से जुड़ी कुछ अन्य जरूरतों के लिए भी ऋण सुविधा मिल सकती है। योजना में सरकार की ब्याज सहायता और समय पर भुगतान करने पर प्रोत्साहन का प्रावधान भी है।
3 .PM फसल बीमा योजना देगी फसल नुकसान से सुरक्षा
खेती में मौसम सबसे बड़ा जोखिम माना जाता है। सूखा, बाढ़, ओलावृष्टि, चक्रवात और दूसरी प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे जोखिमों से सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना महत्वपूर्ण है।
सरकारी पोर्टल के अनुसार PMFBY का उद्देश्य अप्रत्याशित घटनाओं से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को वित्तीय सहायता देना और उनकी आय को स्थिरता प्रदान करना है। योजना में विभिन्न खाद्यान्न, तिलहन तथा कुछ वार्षिक वाणिज्यिक/बागवानी फसलों को निर्धारित नियमों के अनुसार कवर किया जा सकता है।

0 comments:
Post a Comment