यूपी में बंपर भर्ती! 10वीं, 12वीं और स्नातक की बल्ले बल्ले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार और कौशल विकास विभाग की पहल से 9 जनवरी से प्रदेश के पांच मंडलों में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के जरिए 10वीं, 12वीं और स्नातक तक की योग्यता रखने वाले युवाओं को देश और प्रदेश की प्रमुख कंपनियों में रोजगार पाने का सुनहरा मौका मिलेगा।

मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में 9 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेगा रोजगार मेले का उद्घाटन करेंगे। मेले में आसपास के जिलों के हजारों युवा अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार सीधे नियोक्ताओं से संपर्क कर नौकरी प्राप्त कर सकेंगे। यह मेले 6 फरवरी तक विभिन्न मंडलों में आयोजित किए जाएंगे।

नौकरी के अवसर और कंपनियां

रोजगार मेले में आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और पोस्टग्रेजुएट तक की योग्यताएं रखने वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। प्रतिभागियों को कौशल और अनुभव के आधार पर नौकरी दी जाएगी। मेले में देश की नामी कंपनियां जैसे टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, होंडा, बजाज और पेटीएम सहित कई अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी, जहां वेतन करीब 30 हजार रुपये तक निर्धारित है।

मुख्य विकास अधिकारी की निगरानी

कौशल विकास विभाग के आदेश के अनुसार, मेले के आयोजन, स्थल चयन, प्रतिभागी कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं की पूरी निगरानी मुख्य विकास अधिकारी के अंतर्गत होगी। मंडलीय संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण, राजकीय आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य शिक्षण संस्थानों से भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि मेले का आयोजन सफल और व्यवस्थित हो।

प्रदेश में रोजगार मेले की तिथियां और स्थान

9 जनवरी 2026: लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, बरेली

16 जनवरी 2026: मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद

23 जनवरी 2026: झांसी, चित्रकूट, आगरा

30 जनवरी 2026: गोरखपुर, बस्ती, देवी पाटन, आजमगढ़

6 फरवरी 2026: वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज

0 comments:

Post a Comment