यूपी के कई जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद, आदेश जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जारी भीषण ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। इस मौसम का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के कई जिलों में जिला प्रशासन ने स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए हैं।

इन जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद

कड़ाके की सर्दी को देखते हुए बरेली, शामली, लखीमपुर खीरी और महाराजगंज में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

बरेली में सभी बोर्ड के प्री-नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे।

लखीमपुर खीरी में यह आदेश 14 जनवरी तक लागू रहेगा।

शामली और महाराजगंज में दो-दो दिन के लिए स्कूल बंद किए गए हैं। महाराजगंज के जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार सभी बोर्ड के स्कूलों में मंगलवार और बुधवार को पढ़ाई पूरी तरह स्थगित रहेगी और आदेश का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आठवीं तक स्कूल बंद वाले जिले

इसके अलावा कई जिलों में ठंड को देखते हुए कक्षा 8 तक के स्कूलों को बंद किया गया है। इनमें लखनऊ, मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज, बिजनौर और रायबरेली शामिल हैं। लखनऊ और रायबरेली में तीन दिन, मेरठ में दो दिन, वाराणसी और बिजनौर में एक दिन स्कूल बंद हैं। प्रयागराज में 15 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी स्कूल द्वारा आदेश की अनदेखी करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षकों और विशेष ड्यूटी को लेकर निर्देश

जहां स्कूल बंद किए गए हैं, वहां केवल पढ़ाई स्थगित रहेगी। जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ या अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगी है, उन्हें नियमानुसार कार्य करना होगा। इसके अलावा जिन स्कूल परिसरों में मतदान बूथ बने हैं, वे आवश्यकता अनुसार खुले रहेंगे।

0 comments:

Post a Comment