आधुनिक तकनीक से हो रही है जांच
कच्चे तेल की खोज कोई अचानक शुरू हुआ काम नहीं है। इसके पीछे महीनों की तैयारी और आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल शामिल है। ड्रोन सर्वे, गहरी बोरिंग, और कम तीव्रता वाले नियंत्रित विस्फोटों के जरिए भूमिगत संरचनाओं से डाटा जुटाया जा रहा है। इन तरंगों और नमूनों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाता है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि जमीन के नीचे तेल या गैस मौजूद है या नहीं।
औरैया में सबसे पहले दिखे संकेत
औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र के हसनपुर गांव में सेंगुर नदी के किनारे सबसे पहले विस्तृत गतिविधियां देखने को मिलीं। यहां दर्जनों बोरिंग कर सैंपल जुटाए गए और तरंगों को रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद बिधूना और अजीतमल क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर सर्वे हुआ। विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती आंकड़े उत्साहजनक हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
कन्नौज और फर्रुखाबाद में भी ड्रिलिंग
कन्नौज जिले के कई गांवों में ड्रिल बोरिंग का कार्य चल रहा है। खेतों में सीमित गहराई से लेकर 60 मीटर तक खुदाई कर नमूने एकत्र किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया मानक नियमों के तहत की जा रही है और इससे किसानों या स्थानीय लोगों को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। फर्रुखाबाद से सटे इलाकों में भी इसी तरह की गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
ऊर्जा क्षेत्र में खुल सकते हैं नए रास्ते
यदि जांच में कच्चे तेल या गैस के व्यावसायिक भंडार की पुष्टि होती है, तो इसका असर सिर्फ इन जिलों तक सीमित नहीं रहेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आधारभूत ढांचे का विकास होगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है। साथ ही, देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी यह क्षेत्र योगदान दे सकता है।

0 comments:
Post a Comment