पूरे प्रदेश में यूपी दिवस की धूम, 12 जनवरी से शुरू होंगे कार्यक्रम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस को इस बार बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर 12 जनवरी से 26 जनवरी तक राज्यभर में यूपी दिवस से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सभी विभागों और जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

प्रदेश में 12 से कार्यक्रम

कार्यक्रमों की शुरुआत 12 जनवरी को युवा दिवस के अवसर पर होगी। इस दिन युवाओं को केंद्र में रखकर विभिन्न गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर विशेष कार्यक्रम होंगे। वहीं, 24 से 26 जनवरी तक यूपी दिवस का तीन दिवसीय मुख्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश की संस्कृति, उपलब्धियों और विकास को प्रदर्शित किया जाएगा।

हर जिलों को 1 लाख

यूपी दिवस के आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संस्कृति विभाग की ओर से हर जिले को एक लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि यूपी दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन न होकर प्रदेश की पहचान, संस्कृति और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बने।

लखनऊ में कार्यक्रम

राजधानी लखनऊ में होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों को खास बनाने की तैयारी है। यहां पर्यटन विभाग की ओर से आकर्षक हॉट एयर बैलून की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के हर जिले में “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की थीम पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिनमें विकास योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा।

इन विभागों की भी तैयारी

उच्च शिक्षा विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और पर्यटन विभाग मिलकर विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनियों का आयोजन करेंगे। साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार द्वारा प्रदेश की ऐतिहासिक यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, युवा कल्याण विभाग 12 से 23 जनवरी तक युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा। इसके अलावा, मुख्य सचिव ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए हैं कि 12 से 26 जनवरी तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए, ताकि यूपी दिवस के दौरान स्वच्छता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचे।

0 comments:

Post a Comment