जिलाधिकारी साहिला के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में पांच से आठ जनवरी तक पढ़ाई नहीं होगी। वहीं, कक्षा आठ से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगी। बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाएं इस आदेश से प्रभावित नहीं होंगी। प्रशासन ने सभी विद्यालयों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले में पश्चिमी विक्षोभ और नमी के कारण ठंड बनी हुई है। विभाग ने चेताया है कि अगले 48 घंटों तक ठंड में राहत मिलने की संभावना कम है। हाल के दिनों में सूरज की रोशनी से थोड़ी राहत मिली थी और हवा का रुख पूरब की ओर होने से ठंड कुछ कम हुई थी। लेकिन शनिवार से मौसम फिर से सर्द और कंपकंपाने वाला हो गया।
पिछले दिनों जिले का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में केवल पांच डिग्री का अंतर होने के कारण दिनभर भी ठंड का असर बना रहा। धूप न निकलने से लोग घरों और दफ्तरों में भी ठंड से राहत नहीं पा सके।
ठंड और बूंदाबांदी का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ा। सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग अलाव के पास नजर आए। बाजार सुस्त रहे और दैनिक मजदूरों के लिए यह मौसम दोगुनी कठिनाई लेकर आया। जिले में ठंड के मौसम के चलते प्रशासन और मौसम विभाग लोगों को सावधानी बरतने और खासकर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं।

0 comments:
Post a Comment