कियोसाकी के अनुसार, चांदी 21वीं सदी की सबसे अहम धातुओं में से एक बन चुकी है। फर्क सिर्फ इतना है कि सोना जहां ज्यादातर तिजोरियों में सुरक्षित रहता है, वहीं चांदी आधुनिक तकनीक की रीढ़ बन गई है। सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा उपकरण, मेडिकल मशीनें, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हार्डवेयर और बिजली के इंफ्रास्ट्रक्चर, इन सबमें चांदी की जरूरत है। यही वजह है कि इसकी मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि सप्लाई सीमित होती जा रही है।
चीन: सप्लाई पर सीधा नियंत्रण की रणनीति
चीन पहले से ही दुनिया के बड़े चांदी उत्पादकों में शामिल है, लेकिन अब वह सिर्फ अपने उत्पादन पर निर्भर नहीं रहना चाहता। कियोसाकी का कहना है कि चीन खदानों से सीधे चांदी खरीद रहा है, वह भी बाजार भाव से कहीं ज्यादा कीमत पर। इसका मकसद साफ है पश्चिमी देशों के एक्सचेंज, वॉल्ट और सेटलमेंट सिस्टम से दूरी बनाना। चीन चाहता है कि चांदी उसके नियंत्रण में रहे, देश के भीतर ही रिफाइन हो और किसी बाहरी व्यवस्था पर निर्भरता न रहे। यह कदम तब उठाया जाता है जब देश भविष्य में सप्लाई संकट, व्यापारिक रुकावट या मुद्रा अस्थिरता की आशंका देख रहे होते हैं।
भारत: निवेश नहीं, भविष्य की बुनियाद
भारत की भूमिका इस कहानी में और भी दिलचस्प है। बीते कुछ वर्षों में भारत ने भारी मात्रा में चांदी खरीदी है। यह खरीद सिर्फ कीमतों से मुनाफा कमाने के लिए नहीं है। भारत तेजी से सोलर मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा उत्पादन और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की ओर बढ़ रहा है। इन सभी क्षेत्रों में चांदी अनिवार्य है। साफ है कि भारत चांदी को एक रणनीतिक संसाधन के रूप में देख रहा है, ताकि आने वाले दशकों में उसकी औद्योगिक और तकनीकी जरूरतें सुरक्षित रह सकें।
रूस: राष्ट्रीय सुरक्षा के तौर पर चांदी
रूस ने तो खुलकर यह स्वीकार किया है कि वह चांदी को रणनीतिक सरकारी उद्देश्यों के लिए जमा कर रहा है। जब कोई देश किसी धातु को “रणनीतिक” घोषित करता है, तो इसका मतलब होता है कि वह केवल आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा की तैयारी कर रहा है। यह संकेत देता है कि भविष्य में कीमतों में तेज उछाल, संसाधनों की कमी या वैश्विक टकराव की आशंका को गंभीरता से लिया जा रहा है।
डॉलर पर घटता भरोसा और इतिहास की गूंज
कियोसाकी बार-बार इतिहास की ओर इशारा करते हैं। जब-जब कागजी मुद्राओं पर भरोसा डगमगाया है, तब-तब दुनिया ठोस संपत्तियों की ओर लौटी है। चाहे 1920 के दशक का जर्मनी हो, 1960–70 का अमेरिका या किसी भी देश में मुद्रा संकट—हर बार असली मूल्य धातुओं और संसाधनों में ही बचा रहा। आज भी महंगाई, कर्ज और डॉलर की कमजोरी ने कई देशों को वैकल्पिक रास्तों पर सोचने को मजबूर किया है।
कियोसाकी का सबसे बड़ा सवाल अमेरिका को लेकर है। जब दुनिया की तीन बड़ी शक्तियां, जो मिलकर वैश्विक आबादी के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करती हैं, चांदी जैसे संसाधन को तेजी से अपने कब्जे में ले रही हैं, तो यह केवल एक बाजार ट्रेंड नहीं रह जाता। यह एक चेतावनी बन जाता है। उनका कहना है कि जहां आम लोग शेयर, क्रिप्टो और तात्कालिक मुनाफे के पीछे भाग रहे हैं, वहीं सरकारें पर्दे के पीछे रणनीतिक धातुओं का भंडारण कर रही हैं।

0 comments:
Post a Comment