आपको बता दें की इस पहल का मकसद यह है कि ग्रामीणों को आधार अपडेट, सुधार या अन्य जरूरी सेवाओं के लिए अब तहसील, ब्लॉक या शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें। गांव में ही ये सुविधाएं मिलने से समय, पैसा और मेहनत तीनों की बचत होगी।
राजधानी से हुई शुरुआत, ग्रामीणों को तुरंत लाभ
प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कुछ ग्राम पंचायतों में इस योजना की शुरुआत कर दी गई है। सरोजनीनगर ब्लॉक की भटगवां पांडेय ग्राम पंचायत और चिनहट ब्लॉक की सैरपुर ग्राम पंचायत में आधार सेवाएं सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी हैं। इन पंचायतों में अब तक दर्जनों ग्रामीणों को आधार से जुड़ी सेवाओं का लाभ मिल चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले उन्हें आधार से जुड़े छोटे-छोटे कामों के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब यह काम उनके गांव में ही हो रहा है।
चरणबद्ध तरीके से हर पंचायत तक पहुंचेगी सुविधा
पंचायती राज विभाग की योजना बेहद व्यापक है। पहले चरण में प्रदेश की करीब 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके बाद इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर उत्तर प्रदेश की सभी 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों तक ले जाया जाएगा। यह पहल पंचायत स्तर पर सेवाओं को पारदर्शी, सुलभ और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
पंचायत सहायकों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए पंचायत सहायकों को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग की ओर से उन्हें तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे आधार सेवाओं को सही तरीके से संचालित कर सकें। अब तक सैकड़ों पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और बाकी का प्रशिक्षण कार्य भी तेजी से चल रहा है। इससे पंचायत स्तर पर डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी।
ग्रामीण जीवन को आसान बनाने की पहल
सरकार का मानना है कि ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि पंचायतें भी मजबूत और आत्मनिर्भर बनेंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और जिम्मेदारी दोनों बढ़ेंगी। यह पहल खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी, जिन्हें अक्सर आधार से जुड़े कामों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
डिजिटल पंचायत की ओर बड़ा कदम
पंचायती राज विभाग का लक्ष्य ग्राम पंचायतों को केवल प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करना है। आधार सेवाओं की शुरुआत इसी दिशा में एक मजबूत आधार तैयार कर रही है। आने वाले समय में जब यह सुविधा प्रदेश के हर गांव तक पहुंचेगी, तब उत्तर प्रदेश डिजिटल इंडिया और सशक्त पंचायतों के लक्ष्य को और मजबूती से साकार करता नजर आएगा।

0 comments:
Post a Comment