बिहार में सभी शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की होगी जांच

बांका। बिहार में बीपीएससी द्वारा बहाली पाए सभी शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच अब अनिवार्य कर दी गई है। यह आदेश शिक्षक बहाली के दो साल पूरे होने के बाद जारी किया गया है। जांच में मैट्रिक, इंटर, बीए, एमए और शिक्षक प्रशिक्षण से जुड़े सभी प्रमाण पत्र शामिल होंगे।

बांका जिले के डीईओ (जिला शिक्षा अधिकारी) देवनारायण पंडित ने सभी बीईओ (ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों) को पत्र भेजकर 16 जनवरी तक शिक्षक प्रमाण पत्र जमा करने का निर्देश दिया है। इसके तहत सभी शिक्षकों को अपने वाटरमार्क वाले प्रमाण पत्र, जो उन्होंने बहाली के समय और बाद में सत्यापन के लिए प्रस्तुत किए थे, जमा करने होंगे।

कौन-कौन से शिक्षक शामिल होंगे

जांच बीपीएससी टीआरई वन से लेकर टीआरई-3 तक के सभी शिक्षकों पर लागू होगी। बांका जिले में तीनों चरणों में करीब पांच हजार शिक्षक बहाल हुए हैं। इसके अलावा, अन्य जिलों से बांका स्थानांतरण पाए शिक्षक भी इसमें शामिल होंगे। वहीं, जो शिक्षक बांका से अन्य जिलों में स्थानांतरित हो चुके हैं, उनकी जांच उसी जिले में कराई जाएगी।

प्रक्रिया और टाइमलाइन

डीईओ ने बताया कि सभी बीईओ को प्रमाण पत्र जमा करने और जांच के लिए निर्धारित फार्मेट भेजा जा चुका है। शिक्षकों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तारीख 16 जनवरी 2026 तक अपने सभी प्रमाण पत्र अपने संबंधित कार्यालयों में जमा कर दें। जमा किए गए प्रमाण पत्रों की जांच संबंधित बोर्ड द्वारा की जाएगी।

0 comments:

Post a Comment