यूपी के मजदूरों को खुशखबरी, सरकार ने दी बड़ी सौगात!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के निर्माण क्षेत्र के मजदूरों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने निर्माण श्रमिकों को प्रशिक्षित और प्रमाणित कुशल कर्मकार बनाने के लिए नई योजना की शुरुआत की है। इस योजना के माध्यम से मजदूर न केवल अपने हुनर को निखार सकेंगे, बल्कि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर और वित्तीय सुरक्षा भी मिलेगी।

योजना की खासियत

योजना के तहत निर्माण श्रमिकों को आधुनिक प्रशिक्षण, मजदूरी की भरपाई और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य मजदूरों के हाथों को कौशल से सजाना, जेब को सुरक्षा देना और उनके भविष्य को नई उड़ान प्रदान करना है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अनुसार, प्रदेश में लगभग एक करोड़ 89 लाख निर्माण श्रमिक पंजीकृत हैं, जिन्हें इस योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बोर्ड और दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम और लक्ष्य

योजना के पहले चरण में प्रदेश के सात जिलों, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर और झांसी में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस चरण में कुल 1 लाख श्रमिकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 20 हजार श्रमिकों को सबसे पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मजदूरी की भरपाई और प्रमाणपत्र

प्रशिक्षण निटकान लिमिटेड, जो एक सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की संस्था है, द्वारा कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान श्रमिकों की मजदूरी में होने वाले नुकसान की भरपाई सीधे उनके बैंक खातों में DBT के माध्यम से की जाएगी। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर श्रमिकों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी रोजगार पाने में मददगार साबित होगा।

0 comments:

Post a Comment