बिहार के तीन और जिले में स्कूल बंद, आदेश जारी

पटना। बिहार में जारी शीतलहर और अत्यधिक ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। खासतौर पर स्कूली बच्चों की सेहत को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार एहतियाती कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में राज्य के तीन और जिलों रोहतास, किशनगंज और कटिहार में कक्षा 8 तक के विद्यालयों को कुछ और दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

रोहतास में 9 जनवरी तक स्कूल बंद

रोहतास जिले में तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 9 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, कक्षा 9 और उससे ऊपर की कक्षाएं सीमित समय में संचालित की जाएंगी। इन कक्षाओं का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, परीक्षा और बोर्ड से जुड़ी विशेष कक्षाओं को इस आदेश से अलग रखा गया है।

किशनगंज में भी बढ़ी पाबंदी

किशनगंज जिले में भी ठंड को देखते हुए राहत भरा फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी विशाल राज ने आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई पर 9 जनवरी तक रोक लगा दी है। वहीं, कक्षा 9 से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित की जा सकेंगी। यह आदेश केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर लागू होगा, जबकि प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से चलते रहेंगे। प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए चल रही विशेष कक्षाओं को भी छूट दी गई है।

कटिहार में 10 जनवरी तक स्कूल बंद

कटिहार जिले में भी ठंड ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। लगातार गिरते तापमान और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 10 जनवरी तक शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 8 जनवरी से प्रभावी होगा। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

अन्य जिलों में भी बढ़ सकती है पाबंदी

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अगर मौसम की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो राज्य के अन्य जिलों में भी स्कूल बंद रखने की अवधि बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल मौसम विभाग ने ठंड और शीतलहर से तत्काल राहत के संकेत नहीं दिए हैं। बिहार में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन सतर्कता बरत रहा है और हालात के अनुसार आगे भी फैसले लिए जा सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment