यूपी में बड़ी घोषणा! इन जिलों में सभी स्कूल बंद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शीतलहर, घना कोहरा और लगातार गिरते तापमान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। खासकर बच्चों की सेहत को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं, ताकि ठंड के इस प्रकोप में छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।

लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में स्कूल बंद

राजधानी लखनऊ में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 6 से 8 जनवरी तक बंद रखे गए हैं। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालय सीमित समय यानी सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। नोएडा और गाजियाबाद में स्थिति को गंभीर मानते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 10 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। यह निर्देश सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी और यूपी बोर्ड से संबद्ध सभी विद्यालयों पर लागू होगा।

तराई और पश्चिमी यूपी में भी छुट्टी

तराई क्षेत्र में ठंड अधिक होने के कारण बहराइच जिले में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। लखीमपुर खीरी में भी स्कूलों की छुट्टियां 14 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। पश्चिमी यूपी के बरेली में नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। बदायूं, मुरादाबाद, पीलीभीत और बुलंदशहर में भी सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। शामली में फिलहाल 7 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का निर्देश है।

पूर्वांचल में भी बढ़ी सख्ती

पूर्वांचल के जिलों में भी ठंड और कोहरे का असर साफ नजर आ रहा है। वाराणसी में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 7 से 9 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। गाजीपुर में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में 6 से 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है, जबकि कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई सीमित समय में कराई जा रही है।

स्कूल बसों पर भी रोक

राज्य सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि जिन जिलों में स्कूल खोले जाएंगे, वहां कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही संचालित होंगी। घने कोहरे के दौरान स्कूल बसों के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। जिन जिलों में छुट्टियां समाप्त होने वाली हैं, वहां स्थिति की समीक्षा कर छुट्टियां बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment