बिहार में 'NCC' कैडेट के लिए बड़ी खुशखबरी! फ्री यात्रा

पटना। बिहार में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेटों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। इस घोषणा के अनुसार अब बिहार के NCC कैडेटों को शिविरों में आने-जाने के लिए थर्ड एसी में यात्रा करने की अनुमति दी गई है।

सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में बताया कि यह कदम NCC के हित में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना के साथ लगातार कार्यरत NCC कैडेटों के लिए यह सुविधा बड़ी राहत लेकर आई है। उन्होंने सभी NCC कैडेटों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दी हैं।

यह नई सुविधा राज्य सरकार द्वारा NCC कैडेटों को दी गई प्रोत्साहन का हिस्सा है, जिससे कैडेटों को अपने प्रशिक्षण शिविरों तक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार के इस कदम से बड़ी संख्या में NCC कैडेट लाभान्वित होंगे और उनकी भागीदारी और उत्साह में वृद्धि होगी।

देश के अन्य राज्यों में यह सुविधा पहले से लागू थी, जिससे NCC कैडेटों को ट्रेनिंग और अन्य गतिविधियों के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलती हैं। बिहार सरकार द्वारा इस सुविधा को लागू करने से राज्य के NCC कैडेटों का हौसला बढ़ेगा और वे राष्ट्रीय सेवा एवं नेतृत्व के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

NCC कैडेट देश के युवा वर्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं जो देशभक्ति और अनुशासन की भावना के साथ समाज और राष्ट्र सेवा में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यह कदम उनके लिए एक बड़ा सहयोग साबित होगा। इस पहल से न केवल NCC कैडेटों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि यह बिहार सरकार की युवाओं के विकास और राष्ट्रीय सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।

0 comments:

Post a Comment