जिले स्तर तक पहुंची योजना
शुरुआत में सरकार की योजना प्रमंडल स्तर पर स्किल सेंटर खोलने की थी, लेकिन युवाओं की बढ़ती जरूरत और समान अवसर देने के उद्देश्य से अब इसे जिले स्तर तक विस्तारित कर दिया गया है। इससे गांव और छोटे शहरों के युवाओं को भी अपने ही जिले में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा और उन्हें दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इंडस्ट्री से जुड़ा प्रशिक्षण मॉडल
मेगा स्किल सेंटर की खास बात यह होगी कि यहां पढ़ाए जाने वाले कोर्स उद्योगों की मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे। इसके लिए कई बड़ी कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों से बातचीत की जा रही है। पारंपरिक ट्रेड के बजाय सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अन्य नई तकनीकों पर आधारित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। शुरुआती चरण में आईटी सेक्टर से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष फोकस रहेगा।
प्रशिक्षण के साथ प्लेसमेंट की सुविधा
इन स्किल सेंटरों में केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी। कोर्स पूरा करने के बाद संबंधित इंडस्ट्री के माध्यम से प्लेसमेंट उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि युवाओं को हुनर के साथ नौकरी का भरोसा भी मिल सके।
करियर मार्गदर्शन और डिजिटल व्यवस्था
राज्य के सभी जिलों में पहले से संचालित करियर इंफॉर्मेशन सेंटर को भी आधुनिक रूप दिया जाएगा। यहां युवाओं को करियर काउंसलिंग, प्रशिक्षण विकल्पों और रोजगार से जुड़ी सभी जानकारियां एक ही स्थान पर मिलेंगी। इसके साथ ही नियोजनालय को पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी है, जिससे प्रक्रियाएं आसान, पारदर्शी और तेज हो सकें।
युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर
बिहार सरकार समुद्र पार ब्यूरो के जरिए युवाओं को विदेशों में नौकरी के अवसर दिलाने पर भी काम कर रही है। इससे प्रशिक्षित युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखा सकेंगे और बेहतर आय के साथ अनुभव भी हासिल कर पाएंगे।

0 comments:
Post a Comment