इन परियोजनाओं में सबसे अहम लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे है, जो दोनों प्रमुख शहरों के बीच सफर को तेज और सुरक्षित बनाएगा। इसके अलावा हरदोई रोड पर बन रहा पीएम मित्र (टेक्सटाइल) पार्क को रैथा सेतु से जोड़ने वाला पुल फरवरी तक शुरू हो सकता है। मार्च में केसरी खेड़ा आरओबी और सई नदी पर बन रहे सेतु के भी चालू होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड का दावा है कि लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे को छोड़कर बाकी सभी आरओबी और सेतु तय समय से पहले ही पूरे कर लिए जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी की करीब 20 लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, अवध अंडरपास और सई नदी पर बन रहे एक अन्य सेतु का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
हरौनी आरओबी से खत्म होगा जाम
हरौनी में बन रहा दो लेन का आरओबी भी लगभग तैयार हो चुका है और इसे अप्रैल 2026 में शुरू करने की तैयारी है। अभी रेलवे क्रॉसिंग के बार-बार बंद होने से यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। आरओबी चालू होने के बाद लखनऊ और उन्नाव के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। सरोजनीनगर, सोहरामऊ, भटगांव, बंथरा, जुनाबगंज, नवाबगंज, बनी, बिजनौर समेत दो दर्जन से अधिक गांवों और क्षेत्रों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही भी राष्ट्रीय राजमार्ग से आसानी से हो सकेगी।
केसरी खेड़ा आरओबी से मिलेगा सीधा संपर्क
केसरी खेड़ा आरओबी को दो लेन में तैयार किया जा रहा है और इसके मार्च 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके शुरू होते ही लखनऊ–कानपुर मार्ग का सीधा जुड़ाव कृष्णानगर के रास्ते लखनऊ–हरदोई और लखनऊ–मोहान मार्ग से हो जाएगा। इससे कृष्णानगर, विजय नगर, केसरी खेड़ा, नरायनपुरी, कनौसी, पारा, अलीनगर, सोन्हेरा, आलमबाग और ट्रांसपोर्टनगर जैसे इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
फरवरी में शुरू होगा पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क कनेक्शन
आउटर रिंग रोड के रैथा अंडरपास से पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क तक दो लेन का सेतु बनाया जा रहा है। इसके चालू होने से राष्ट्रीय राजमार्ग का सीधा संपर्क लखनऊ शहर से स्थापित हो जाएगा। इस पुल के बनने से कोलवा बनौरा, खाखरा, रनियामऊ, चंवतारा, रैथा, कथवारा, पटौना और आदमपुर जैसे गांवों के निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

0 comments:
Post a Comment