अब रविवार को भी कर सकेंगे जमीन की रजिस्ट्री
अब तक सरकारी छुट्टियों और रविवार को निबंधन कार्यालय बंद रहने के कारण आम लोगों को जमीन की रजिस्ट्री के लिए कार्यदिवसों में समय निकालना पड़ता था। खासकर नौकरीपेशा लोगों को इसके लिए दफ्तर से छुट्टी लेनी पड़ती थी। सरकार के इस फैसले से अब लोग अवकाश के दिन भी आसानी से जमीन, मकान या अन्य संपत्तियों का निबंधन करा सकेंगे। यह व्यवस्था फिलहाल केवल जनवरी 2026 के लिए लागू की गई है।
भीड़ होगी कम, काम होगा आसान
सरकार का मानना है कि छुट्टी के दिनों में कार्यालय खुले रहने से कार्यदिवसों में लगने वाली भारी भीड़ में कमी आएगी। निबंधन कार्यालयों में काम का दबाव बंटेगा, जिससे दस्तावेजों का निपटारा भी अधिक सुचारू रूप से हो सकेगा। इससे आम नागरिकों को लंबे इंतजार और बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
राजस्व बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम
वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण की ओर बढ़ते हुए सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से निबंधन की संख्या में इजाफा होगा। अधिक रजिस्ट्रेशन होने से स्टांप ड्यूटी और निबंधन शुल्क के रूप में राज्य के राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह कदम प्रशासनिक सुविधा और आर्थिक लाभ दोनों दृष्टियों से अहम है।
राष्ट्रीय अवकाशों पर रहेगी बंदी
बता दें की यह विशेष व्यवस्था केवल सामान्य छुट्टियों और रविवार के लिए है। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) जैसे राष्ट्रीय अवकाशों के दिन निबंधन कार्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा बाकी सभी छुट्टियों में कार्यालय सामान्य कार्यदिवसों की तरह संचालित होंगे और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

0 comments:
Post a Comment