शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, बिहार में मिल रहा मौका

पटना। बिहार में शिक्षकों के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। राज्य में ‘टॉपर्स की फैक्ट्री’ के नाम से मशहूर सिमुलतला आवासीय विद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है। उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणामों के लिए पहचाने जाने वाले इस विद्यालय में अब नए और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है, ताकि यहां की शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत किया जा सके।

सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पहचान यहां से निकलने वाले उन छात्रों से है, जो हर साल मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में टॉप कर बिहार का नाम रोशन करते हैं। इन उपलब्धियों के पीछे अनुभवी और समर्पित शिक्षकों की अहम भूमिका मानी जाती है। 

इसी परंपरा को बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालय में कक्षा 6 से कक्षा 12 तक के लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में जमुई जिला शिक्षा विभाग द्वारा आधिकारिक सूचना जारी की गई है। 

कई विषयों के लिए रिक्तियां

जारी सूचना के अनुसार विद्यालय में विभिन्न विषयों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें

गणित (PGT) के 2 पद

हिंदी के 1 पद

रसायन विज्ञान के 1 पद

इतिहास के 1 पद

विज्ञान के 1 पद

शिक्षकों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं

चयनित शिक्षकों के लिए विद्यालय परिसर में ही निःशुल्क आवासन और भोजन की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षकों को अनिवार्य रूप से परिसर के भीतर ही रहना होगा। चूंकि आवास विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा, इसलिए मकान किराया भत्ता (HRA) देय नहीं होगा। साथ ही विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर यह प्रतिनियुक्ति कभी भी समाप्त की जा सकती है।

वॉक-इन-इंटरव्यू से होगा चयन

इच्छुक शिक्षक और शिक्षिकाएं इस अवसर का लाभ वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से उठा सकते हैं। इसके लिए किसी अलग आवेदन पत्र की आवश्यकता नहीं है। उम्मीदवारों को अपने वर्तमान विद्यालय से ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ कराकर इंटरव्यू में शामिल होना होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से पंजीयन और सूची तैयार करने की जिम्मेदारी डेटा एंट्री ऑपरेटर को सौंपी गई है।

इंटरव्यू की तिथि: 6 जनवरी 2026 (मंगलवार)

समय: सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक

स्थान: जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ, जमुई। 

0 comments:

Post a Comment