यूपी में शुरू होने वाला हैं ये नया एक्सप्रेस-वे, इन जिलों को खुशखबरी

उन्नाव: उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे अब सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि विकास की पहचान बन चुके हैं। इसी कड़ी में गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की सबसे अहम परियोजनाओं में शामिल हो गया है, जिसका निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होते ही उन्नाव समेत कई जिलों की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

उन्नाव से गुजरेंगे तीन बड़े एक्सप्रेसवे

उन्नाव जिला अब एक्सप्रेसवे नेटवर्क का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। यहां से पहले ही आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे और लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे गुजरते हैं, जबकि अब गंगा एक्सप्रेसवे भी जिले से होकर निकलेगा। यह नया एक्सप्रेसवे जिले के लगभग 104 किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेगा, जिससे सभी तहसीलों और दर्जनों गांवों को सीधा फायदा मिलेगा।

मेरठ से प्रयागराज का सफर होगा आसान

करीब 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज की दूरी काफी कम समय में तय की जा सकेगी। जहां पहले इस सफर में करीब 12 घंटे लगते थे, वहीं अब यात्रा लगभग 8 घंटे में पूरी हो सकेगी। यह एक्सप्रेसवे आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे और कानपुर–लखनऊ मार्ग से भी जुड़ेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे।

आधुनिक तकनीक और सुरक्षा पर खास जोर

इस एक्सप्रेसवे को आधुनिक मानकों के अनुसार तैयार किया गया है। फिलहाल इसे छह लेन में बनाया गया है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तार देने की योजना है। सुरक्षा के लिहाज से स्पीड कंट्रोल सिस्टम, स्टील सेफ्टी बैरियर और विशेष डिजाइन वाले साइड स्ट्रिप्स लगाए गए हैं, ताकि चालक को सतर्क रखा जा सके। तय सीमा से ज्यादा रफ्तार पर वाहन चलाने पर ऑटोमैटिक चालान की व्यवस्था भी की गई है।

विकास और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

गंगा एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने की भी तैयारी है। उन्नाव क्षेत्र में सैकड़ों हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है, जहां बड़ी कंपनियों के निवेश की संभावना है। इसके साथ ही डिफेंस सेक्टर से जुड़ी परियोजनाओं का भी प्रस्ताव है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई दिशा देगा। इसके शुरू होने से न सिर्फ सफर आसान होगा, बल्कि उन्नाव और आसपास के जिलों की आर्थिक तस्वीर भी बदलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment