बिहार में बिछेगी 50KM लंबी रेल लाइन, इन जिलों को खुशखबरी

पटना। केंद्र सरकार ने बिहार में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय कैबिनेट ने पटना जिले के पुनारख से लखीसराय जिले के किऊल तक तीसरी और चौथी रेल लाइन के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 2268 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

50 किमी के अहम खंड को मिली स्वीकृति

मंजूर किए गए खंड में पुनारख (पटना) से किऊल (लखीसराय) के बीच अतिरिक्त रेल लाइन बिछाई जाएगी। इससे इस रूट पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और यातायात सुचारु बनेगा। रेलवे के अनुसार, इस हिस्से में कई बड़े और छोटे पुलों का निर्माण भी किया जाएगा। किऊल नदी समेत कई स्थानों पर बड़े पुल बनाए जाएंगे, जबकि दर्जनों छोटे पुल और पुलिया भी परियोजना का हिस्सा होंगे।

डीडीयू से झाझा तक होगा बड़ा विस्तार

यह पूरा प्रोजेक्ट दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) से झाझा तक रेल लाइन के विस्तार से जुड़ा है। इसमें कई छोटे-छोटे रेल खंड शामिल हैं, जैसे: डीडीयू–दानापुर, दानापुर–फतुहा, फतुहा–बख्तियारपुर, बख्तियारपुर–पुनारख, पुनारख–किऊल, किऊल–झाझा।

पहले चरण को मिल चुकी है मंजूरी

रेलवे बोर्ड पहले ही फतुहा से बख्तियारपुर और बख्तियारपुर से पुनारख खंड में तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण को स्वीकृति दे चुका है। इन हिस्सों में भूमि अधिग्रहण और ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment