पानी-पानी होगा बिहार! सभी 38 जिलों में बारिश के आसार, अलर्ट जारी

पटना। बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। 23 से 28 सितंबर के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 23 सितंबर को सभी 38 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

24 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश

24 सितंबर को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। पश्चिमी और उत्तरी बिहार के 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पटना समेत दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में इस दिन येलो अलर्ट रहेगा।

25 सितंबर को भी बारिश का दौर

25 सितंबर को भी पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान बारिश के साथ आंधी-तूफान जैसी स्थिति और तेज हवाएं चलने की आशंका है। राज्य के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट के चलते लोगों को मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

26 सितंबर से मिलने लगेगी राहत

26 सितंबर से मौसम में धीरे-धीरे सुधार की शुरुआत हो सकती है। हालांकि पश्चिमी, उत्तरी और कुछ दक्षिण-पश्चिमी जिलों में येलो अलर्ट बना रहेगा। वहीं पटना सहित कई मध्य और दक्षिणी जिलों में किसी तरह का अलर्ट नहीं रहेगा।

27-28 सितंबर तक सामान्य होगा मौसम

27 सितंबर को अलर्ट का दायरा और घटने की उम्मीद है और करीब 19 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 28 सितंबर तक ज्यादातर जिलों में मौसम सामान्य हो सकता है। हालांकि पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के करीब 12 जिलों में हल्के से मध्यम मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी रहेगा।

बारिश और तेज हवा के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। गरज-चमक के समय खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास जाने से बचना बेहतर रहेगा।

0 comments:

Post a Comment