किसानों की बल्ले-बल्ले! यूपी में 6 लाख तक का कृषि कर्ज, ऐसे मिलेगा लाभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के छोटे और सीमांत किसानों के लिए खेती में निवेश को आसान बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को योजना के ई-पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके तहत पात्र किसानों को कृषि और उससे जुड़े कार्यों के लिए अधिकतम 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा।

6 फीसदी की प्रभावी ब्याज दर

योजना की खास बात यह है कि किसानों को कर्ज पर 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर का लाभ मिलेगा। मौजूदा व्यवस्था में सहकारी ग्राम विकास बैंक से कृषि ऋण की ब्याज दर करीब 11 से 11.50 प्रतिशत तक बताई गई है। ऐसे में नई योजना के तहत किसानों के लिए लंबे समय के कृषि निवेश की लागत कम हो सकती है।

सिंचाई और कृषि निवेश में इस्तेमाल

मिलने वाले ऋण का उपयोग सिंचाई व्यवस्था विकसित करने, कृषि परिसंपत्तियां तैयार करने और खेती से जुड़े अन्य जरूरी कार्यों में किया जा सकेगा। समय पर ऋण चुकाने वाले पुराने कर्जदार किसानों को भी ब्याज अनुदान का लाभ दिए जाने का प्रावधान रखा गया है।

ऑनलाइन होगा आवेदन की प्रक्रिया पूरी

सरकार ने अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल mksyldb.in शुरू किया गया है। किसान इसी माध्यम से योजना की जानकारी लेकर ऋण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

योजना के शुभारंभ के अवसर पर कुछ लाभार्थी किसानों को ऋण मंजूरी प्रमाणपत्र भी दिए गए। साथ ही सहकारिता विभाग से जुड़े मोबाइल ऐप भी लॉन्च किए गए, जिनका उद्देश्य किसानों को सेवाएं और जरूरी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराना है।

0 comments:

Post a Comment