केंद्र सरकार का बड़ा ऐलान, ग्रामीण युवाओं के लिए 1 बड़ी खुशखबरी

नई दिल्ली। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिए रोजगार और स्किल ट्रेनिंग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। दीन दयाल उपाध्याय-ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) 2.0 के तहत अक्टूबर 2026 से करीब 70 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देने की शुरुआत होगी। इसके लिए 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 2,015 ट्रेनिंग बैच शुरू किए जा रहे हैं।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 24 राज्यों की ओर से 1,200 से ज्यादा परियोजनाओं के तहत ट्रेनिंग एजेंसियों को 5.6 लाख से अधिक प्रशिक्षण लक्ष्य दिए जा चुके हैं। बाकी राज्यों में भी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सभी राज्यों को 31 अक्टूबर 2026 तक लक्ष्य आवंटन पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

दो साल में 9 लाख से ज्यादा युवाओं को ट्रेनिंग

DDU-GKY 2.0 के तहत 2026 से 2028 के बीच 9 लाख से अधिक ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) के अनुरूप संचालित किया जाएगा, ताकि युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कौशल मिल सके।

15 से 35 साल के युवाओं पर फोकस

DDU-GKY की शुरुआत 25 सितंबर 2014 को ग्रामीण गरीब परिवारों के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से हुई थी। योजना में मुख्य रूप से 15 से 35 वर्ष के ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाता है। नए संस्करण में 3 से 12 महीने तक के अलग-अलग कोर्स और प्रशिक्षण के बाद सहायता पर भी जोर दिया गया है।

अब तक लाखों युवाओं को मिला फायदा

सरकारी आंकड़ों के अनुसार जून 2026 तक योजना के तहत 18.45 लाख ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण मिल चुका है। इनमें से 12.35 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके कौशल को मजबूत करना है।

0 comments:

Post a Comment