बिहार बोर्ड का बड़ा फैसला, घर बैठे डाउनलोड कर सकेंगे मार्कशीट

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2026 में 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब छात्र अपनी मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज DigiLocker के जरिए घर बैठे डिजिटल रूप में प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए बोर्ड कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।

बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम के अनुसार, वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटर परीक्षा से जुड़े दस्तावेज DigiLocker पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। यह सुविधा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन के सहयोग से शुरू की गई है।

पुराने दस्तावेज भी होंगे उपलब्ध

बोर्ड की ओर से बताया गया है कि आने वाले समय में 2026 से पहले के वर्षों में हुई परीक्षाओं के मार्कशीट और प्रमाणपत्र भी DigiLocker पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे पुराने विद्यार्थियों को भी डिजिटल दस्तावेज हासिल करने में आसानी होगी।

नौकरी और पढ़ाई में मिलेगी सुविधा

DigiLocker पर उपलब्ध दस्तावेजों को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत मूल दस्तावेजों के बराबर मान्यता प्राप्त है। ऐसे में विद्यार्थी इनका इस्तेमाल उच्च शिक्षा में दाखिले, नौकरी, छात्रवृत्ति और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में कर सकेंगे। डिजिटल रिकॉर्ड होने से मार्कशीट खोने या खराब होने की चिंता भी कम होगी और दस्तावेजों का सत्यापन आसानी से किया जा सकेगा।

ऐसे प्राप्त करें डिजिटल मार्कशीट

विद्यार्थी DigiLocker ऐप या वेबसाइट पर लॉगइन करने के बाद बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड का विकल्प चुनें। इसके बाद 10वीं या 12वीं की संबंधित मार्कशीट चुनकर रोल कोड, रोल नंबर और परीक्षा वर्ष 2026 जैसी जानकारी दर्ज करनी होगी। विवरण सत्यापित होने के बाद डिजिटल दस्तावेज DigiLocker में प्राप्त हो जाएगा।

0 comments:

Post a Comment