बिहारवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब एक क्लिक में मिलेंगे विभागीय काम का पूरा ब्योरा

पटना। बिहार सरकार अब अपनी योजनाओं, घोषणाओं और विभागों से जुड़े कामकाज की जानकारी लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए ‘संकल्प पोर्टल’ विकसित किया जा रहा है। पोर्टल के जरिए लोग एक ही जगह पर सरकार के फैसलों और योजनाओं की ताजा स्थिति देख सकेंगे।

एक प्लेटफॉर्म पर मिलेगी जानकारी

संकल्प पोर्टल पर सरकार की ओर से किए गए संकल्प, घोषणाएं, योजनाएं और तय किए गए लक्ष्यों का विवरण उपलब्ध कराने की योजना है। अलग-अलग विभाग अपने काम और प्रगति से जुड़ी जानकारी इसमें अपडेट करेंगे। इससे लोगों को विभागीय जानकारी के लिए अलग-अलग जगहों पर जाने की जरूरत कम होगी।

योजनाओं की प्रगति भी दिखेगी

पोर्टल पर केवल घोषणा ही नहीं, बल्कि उसके बाद कितना काम हुआ, इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने में मदद मिलेगी और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने का उद्देश्य है।

10 विंडो वाला होगा डैशबोर्ड

संकल्प पोर्टल के डैशबोर्ड में करीब 10 अलग-अलग विंडो रखने की योजना है। इनमें बिहार गति, फ्लैगशिप और फील्ड प्रोजेक्ट, मुख्यमंत्री की घोषणाओं और कैबिनेट के फैसलों जैसी जानकारियां शामिल होंगी। इसके जरिए किसी योजना की घोषणा से लेकर उसकी प्रगति तक का अपडेट देखा जा सकेगा।

100 दिनों का रिपोर्ट कार्ड भी

पोर्टल पर सरकार के 100 दिनों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों और वीआईपी की ओर से भेजे गए पत्रों पर हुई कार्रवाई, तारापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों और ‘सहयोग कार्यक्रम’ से जुड़े आवेदनों की स्थिति भी अलग-अलग सेक्शन में दिखाई जा सकती है।

0 comments:

Post a Comment