बिहार में बनेंगे 2 बड़े एयरपोर्ट, तैयारी शुरू, इन जिलों के लिए खुशखबरी!

पटना। बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम (सुल्तानगंज) ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की तैयारी तेज कर दी गई है। दोनों परियोजनाओं पर पीपीपी मॉडल के तहत कुल करीब 10 हजार करोड़ रुपये निवेश प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परियोजनाओं से जुड़े कामों में तेजी लाने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए हैं।

किस एयरपोर्ट पर कितना खर्च?

प्रस्ताव के अनुसार, भागलपुर जिले में बनने वाले अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट पर करीब 3,500 करोड़ रुपये और सारण जिले में प्रस्तावित सोनपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण में करीब 6,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण और एयरपोर्ट तक संपर्कता से जुड़े खर्च को वहन करेगी।

कई जिलों को मिलेगा लाभ

अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट के शुरू होने से भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय समेत आसपास के क्षेत्रों को हवाई सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे खास तौर पर श्रावणी मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिल सकती है।

वहीं, सोनपुर एयरपोर्ट को बड़े विमानों के संचालन के अनुकूल विकसित करने की योजना है। यहां कार्गो सुविधा और बेहतर सड़क संपर्क पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रस्तावित एयरपोर्ट से पटना समेत बिहार के कई जिलों के अलावा झारखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी हवाई कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण समेत सभी जरूरी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने और दोनों परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

0 comments:

Post a Comment