बिहार के भूमिहीन परिवारों की बल्ले-बल्ले! 30 हजार परिवारों को जल्द मिलेगा बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र

पटना। बिहार में भूमिहीन परिवारों को जमीन का अधिकार दिलाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अभियान बसेरा-2 के तहत राज्य के 30 हजार चिन्हित भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र देने की तैयारी है। इसके लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

20 नवंबर को लगाए जाएंगे शिविर

विभाग की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में चिन्हित लाभुक परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र सौंपे जाएंगे। प्रत्येक जिले के लिए अलग लक्ष्य निर्धारित किया गया है और अधिकारियों को उसके अनुसार प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।

1 नवंबर तक पूरा करना होगा काम

अधिकारियों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र तैयार करने और संबंधित पदाधिकारियों के हस्ताक्षर की प्रक्रिया 1 नवंबर तक पूरी करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद निर्धारित तिथि पर लाभुकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।

अब तक हजारों परिवारों को मिला लाभ

विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अभियान बसेरा के तहत अब तक करीब 93,916 लोग लाभान्वित हो चुके हैं। इससे पहले 15 अगस्त को 30,085 भूमिहीन परिवारों को भी बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र दिए गए थे।

भूमिहीन परिवारों को क्या होगा फायदा?

बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र मिलने के बाद भूमिहीन परिवारों को आवास बनाने के लिए जमीन का अधिकार मिल सकेगा। इससे उन्हें स्थायी आवास की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी और जमीन से बेदखली की चिंता भी कम होगी। इसके अलावा पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी मदद मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment