हर गांव में खुलेंगे दुग्ध सहकारी समिति
नई योजना के तहत राज्य के हर गांव में दुग्ध सहकारी समितियों की स्थापना की जाएगी। ये समितियां ग्रामीण महिलाओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगी। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का उद्देश्य उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और परिवार की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।
हर पंचायत में सुधा का दूध बिक्री केंद्र
सरकार ने तय किया है कि हर पंचायत में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोले जाएंगे। इससे ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में ताजी और गुणवत्तापूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। इस कदम से बिचौलियों की भूमिका घटेगी और किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिलेगा।
एआई वर्कर से सुधरेगा पशुपालन
पशुपालन को और मजबूत बनाने के लिए हर पंचायत में एआई वर्कर तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक एआई वर्कर को डिजिटल एआई गन उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पशुओं की नस्ल सुधार और दूध उत्पादन में तेजी लाई जा सके। इससे किसानों की आमदनी में सुधार के साथ-साथ पशुपालन क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा।
पशु चारा और मत्स्य क्षेत्र को बढ़ावा
सरकार ने पशु चारा उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है, ताकि पशुओं को गुणवत्तापूर्ण आहार मिले और दूध उत्पादन स्थिर रूप से बढ़े। इसके अलावा, फिश आउटलेट्स की स्थापना की जाएगी, जिससे मत्स्य पालकों को सीधा बाजार मिलेगा और उपभोक्ताओं तक ताजी मछली सुरक्षित रूप से पहुंचेगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत
इन पहलों से न केवल दुग्ध और मत्स्य उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। महिलाओं की भागीदारी सामाजिक बदलाव लाएगी और बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार की यह पहल ग्रामीण किसानों और पशुपालकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी साबित होगी और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

0 comments:
Post a Comment