बिहार में बड़ी खुशखबरी! 407 कंप्यूटर शिक्षकों की होगी भर्ती

पटना। बिहार में शिक्षक बहाली की तैयारी एक बार फिर तेज हो गई है। बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के तहत राज्य में 45 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें 407 पद कंप्यूटर शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं, जिससे तकनीकी शिक्षा को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आपको बता दें की यह जानकारी विधानसभा में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 8553 कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है और अब नई बहाली से स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को और बढ़ावा मिलेगा।

विज्ञान विषयों को प्राथमिकता

टीआरई-4 के तहत भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषय के शिक्षकों की नियुक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हो और छात्रों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए मजबूत आधार मिल सके।

संतुलित पोस्टिंग पर जोर

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षकों की तैनाती जिला पदाधिकारी (डीएम) की अध्यक्षता वाली समिति के माध्यम से की जा रही है। जिलों को निर्देश दिए जाएंगे कि छात्र-शिक्षक अनुपात संतुलित रखा जाए, ताकि किसी विद्यालय में शिक्षकों की कमी और कहीं अधिकता जैसी स्थिति न बने।

आपदा शिक्षा और कॉलेज स्तर पर पहल

राज्य के स्कूलों में आपदा प्रबंधन से संबंधित अध्याय पहले से पढ़ाया जा रहा है। कॉलेजों में भी इस विषय को बढ़ावा देने के लिए University Grants Commission (यूजीसी) की गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक सुझाव जारी किए जाएंगे।

0 comments:

Post a Comment