20 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट! 75 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD का बड़ा अपडेट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने 28 सितंबर को कई राज्यों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत करीब 20 राज्यों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पूर्वी भारत में ज्यादा असर

बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में बने डीप डिप्रेशन के चलते ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा में 60 से 70 और छत्तीसगढ़ में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यूपी-बिहार में भी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के बिजनौर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, आगरा समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चलने का अनुमान है। बिहार के पश्चिमी चंपारण, पटना, सारण, गोपालगंज, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। यहां हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी सतर्कता जरूरी

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। जम्मू-कश्मीर में भी कुछ इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

दिल्ली समेत इन राज्यों में भी असर

दिल्ली में 28 सितंबर को मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश-आंधी का अलर्ट है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचना और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखना जरूरी है।

0 comments:

Post a Comment