यूपी में बारिश का तांडव! कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से कई जिलों में तेज बारिश का दौर देखने को मिला है।

पूर्वी यूपी में सबसे ज्यादा बारिश

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश ने जोर पकड़ा। फर्रुखाबाद में करीब 32 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गोरखपुर में 23 सेमी और लखीमपुर खीरी व महराजगंज में करीब 19-19 सेमी बारिश हुई। बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, कन्नौज, अयोध्या, बहराइच, लखनऊ और आजमगढ़ में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला।

पश्चिमी यूपी भी बारिश से सराबोर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज बारिश हुई। मुरादाबाद में करीब 18 सेमी, बरेली में 17 सेमी तथा कासगंज और रामपुर में 15-15 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। संभल और बिजनौर में भी करीब 14 सेमी बारिश हुई। मैनपुरी और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रहा।

इन इलाकों में फिर तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में अभी भारी बारिश की संभावना जताई है। वाराणसी, बलिया, गोरखपुर, मीरजापुर और सोनभद्र समेत आसपास के जिलों में तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, मौसम प्रणाली के कमजोर पड़ने के साथ बारिश में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

किसानों को सावधानी बरतने की विशेष सलाह

लगातार बारिश और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसल, कटी हुई उपज और बागवानी फसलों को नुकसान का खतरा है। किसानों को धान, मक्का, गन्ना, अरहर और सब्जियों के खेतों में जमा अतिरिक्त पानी निकालने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों को जलभराव से बचाया जा सके।

0 comments:

Post a Comment