बिहार के जमीन मालिकों के लिए खुशखबरी! घर बैठे मिलेंगे जमीन के कागज, आसान हुआ काम

पटना। बिहार में जमीन से जुड़े दस्तावेज हासिल करने के लिए अब लोगों को राजस्व कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। जमीन के राजस्व अभिलेखों की डिजिटल अटेस्टेड कॉपी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है। इसका इस्तेमाल सरकारी के साथ कई गैर-सरकारी कार्यों में भी किया जा सकता है।

ऑनलाइन मिलेगा डिजिटल रिकॉर्ड

इस सुविधा के तहत जमीन से संबंधित उपलब्ध रिकॉर्ड की स्कैन कॉपी ऑनलाइन देखी जा सकती है। जरूरत के मुताबिक संबंधित दस्तावेज की डिजिटल अटेस्टेड कॉपी के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए आवेदक को बिहार भूमि से जुड़े ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। नए यूजर को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा।

ऐसे खोजें अपनी जमीन का रिकॉर्ड

लॉगिन के बाद अभिलेख का प्रकार चुनकर जिला, अंचल, मौजा और उपलब्ध अन्य जानकारी जैसे खाता, खेसरा, वाद संख्या या वर्ष दर्ज करना होगा। इसके बाद सर्च करने पर संबंधित रिकॉर्ड सामने आ जाएगा। View विकल्प के जरिए उसकी स्कैन कॉपी देखी जा सकती है।

डिजिटल अटेस्टेड कॉपी के लिए आवेदन

रिकॉर्ड मिलने के बाद डिजिटल कॉपी के लिए Apply for Download Copy विकल्प चुनना होगा। अगर किसी जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध नहीं है, तो Request/Rise Request के जरिए उसके लिए अनुरोध दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद जरूरी पेज चुनने पर देय शुल्क की जानकारी सामने आएगी।

ऑनलाइन भुगतान के बाद ट्रैक कर सकेंगे आवेदन

शुल्क की जानकारी जांचने के बाद आवेदन भेजकर ऑनलाइन भुगतान करना होगा। भुगतान पूरा होने के बाद रसीद को सुरक्षित रखना जरूरी है। आवेदन की प्रगति देखने के लिए पोर्टल पर Track Application विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस सुविधा से जमीन के रिकॉर्ड से जुड़े काम पहले की तुलना में काफी आसान हो सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment