CM सम्राट का बड़ा ऐलान! बिहार के सभी स्कूल में अनिवार्य होगी कंप्यूटर शिक्षा

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि अगले वर्ष से सभी सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में योजना तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक से जोड़ना है।

दो-तीन स्कूलों पर एक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को नियमित कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए दो-तीन स्कूलों के समूह पर एक इंस्ट्रक्टर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में तकनीकी ज्ञान विद्यार्थियों की शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए स्कूल स्तर से ही बच्चों को कंप्यूटर की जानकारी देना जरूरी है।

अभिभावक-शिक्षक बैठक में पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री शनिवार को दानापुर के राजकीय मध्य विद्यालय रामजीचक में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से बातचीत कर स्कूल में पढ़ाई, छात्रों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अच्छे प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही उनके अभिभावकों को ‘पेरेंट्स ऑफ द मंथ’ के लिए सम्मान दिया गया।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

सीएम ने कहा कि PTM के जरिए स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। अभिभावक और शिक्षक आपसी संवाद के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई में आने वाली समस्याओं और अतिरिक्त सहयोग की जरूरत को समझ सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की अपील भी की गई। सीएम ने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने और तकनीक का जरूरत के अनुसार सकारात्मक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने सातवीं-आठवीं कक्षा से ही करियर की मजबूत नींव तैयार करने पर भी जोर दिया।

0 comments:

Post a Comment