बिहार में 'असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट' के पदों पर बंपर भर्ती

पटना। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने भूतपूर्व सैनिकों के लिए एक विशेष भर्ती अभियान की घोषणा की है। यह भर्ती बिहार सरकार के गृह विभाग (कारा) के अधीन कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय में सहायक अधीक्षक (JCO/NCO) के पदों पर की जाएगी। कुल 25 रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 अगस्त 2025 से शुरू होकर 30 सितंबर 2025 तक चलेगी। 

आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in के माध्यम से इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। इन पदों में 9 पद अनारक्षित हैं जबकि शेष 16 पदों में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 6, अनुसूचित जनजाति के लिए 1, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 3, पिछड़ा वर्ग के लिए 2, पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए 2 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 2 पद आरक्षित हैं।

इस भर्ती के लिए केवल वे अभ्यर्थी पात्र होंगे जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त जूनियर कमिशन्ड ऑफिसर (JCO) या नॉन कमिशन्ड ऑफिसर (NCO) रहे हों। आवेदन करने के लिए पुरुष एवं महिला दोनों भूतपूर्व सैनिक पात्र हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि रक्षा सुरक्षा कोर, अर्द्धसैनिक बल, जनरल रिजर्व इंजीनियरी फोर्स, होम गार्ड आदि में सेवारत या सेवानिवृत्त कर्मी इस भर्ती के अंतर्गत नहीं आएंगे। 

वहीं, ऐसे कर्मचारी जो 1 अगस्त 2025 तक सेवानिवृत्त हो जाएंगे, वे भी इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र माने जाएंगे। शैक्षणिक योग्यता के रूप में स्नातक डिग्री को मान्यता दी गई है। हालांकि, जिन भूतपूर्व सैनिकों ने केवल मैट्रिक तक शिक्षा प्राप्त की है लेकिन उन्होंने सेना में 15 वर्ष अथवा उससे अधिक की सेवा दी है, उन्हें भी पात्रता प्रदान की गई है।

इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है और आयु की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी। चयन प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी प्रारंभिक एवं मुख्य लिखित परीक्षा। प्रारंभिक परीक्षा 200 अंकों की होगी जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी और इसमें सामान्य ज्ञान व समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक लाने वाले ही मुख्य परीक्षा के लिए पात्र होंगे। लिखित परीक्षा का अंतिम स्वरूप आयोग द्वारा समय पर घोषित किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment