सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ और आसपास हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
लखनऊ में मौसम का हाल:
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, लखनऊ शहर में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। दिन के समय आंशिक बादल छाए रहेंगे और शाम या रात तक शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। रविवार को फरवरी के शुरुआत में दिन अपेक्षाकृत गर्म रहा।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव:
अमौसी स्थित लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान पर मध्यवर्ती क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू हुई है। सोमवार सुबह तक यह प्रणाली प्रदेश के मध्यवर्ती और कुछ पूर्वी हिस्सों तक सक्रिय रही। अगले दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 4 फरवरी तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
यूपी के जिलों के लिए चेतावनी:
मौसम विभाग ने प्रदेश के पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों के निवासियों को अलर्ट जारी किया है। लोगों को बारिश और ओलावृष्टि के दौरान सावधानी बरतने, सड़क पर सतर्क रहने और बिजली गिरने से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

0 comments:
Post a Comment