बिहार में अब जमीन खरीदना-बेचना हुआ आसान

पटना। बिहार में जमीन खरीदने और बेचने की प्रक्रिया अब पहले से कहीं अधिक आसान और पारदर्शी हो गई है। राज्य सरकार द्वारा भूमि निबंधन को सरल और सुविधा-जनक बनाने के लिए उठाए गए कदम अब धरातल पर सफल होते नजर आ रहे हैं। मद्य निषेध एवं निबंधन विभाग की ओर से लागू की गई नई व्यवस्था से अब जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल हो चुकी है, जिससे आम नागरिकों को न सिर्फ राहत मिल रही है, बल्कि समय और संसाधनों की भी बचत हो रही है।

कैसे काम कर रही है नई व्यवस्था

अब जैसे ही जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होती है, खरीददार और विक्रेता दोनों को उसी दिन शाम तक एक लिंक व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से भेज दिया जाता है। इस लिंक पर क्लिक करके संबंधित व्यक्ति रजिस्ट्री की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकता है। इतना ही नहीं, इसी लिंक से केवाला (बिक्री पत्र) भी डाउनलोड किया जा सकता है और भविष्य में कोई जरूरी दस्तावेज अपलोड भी किए जा सकते हैं। इस तरह, पूरी प्रक्रिया अब एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आ गई है।

कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत खत्म

इस नई पहल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब लोगों को रजिस्ट्री के लिए बार-बार निबंधन कार्यालय नहीं जाना पड़ता। पहले जहां दस्तावेज प्राप्त करने और जानकारी लेने के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे, वहीं अब मोबाइल पर ही सारी जानकारी और दस्तावेज मिल जा रहे हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि अनावश्यक भागदौड़ और भ्रष्टाचार की संभावनाएं भी कम हुई हैं।

रजिस्ट्री के दिन ही मिलेगा मूल दस्तावेज

नई प्रणाली के तहत रजिस्ट्री के दिन ही शाम तक जमीन का मूल दस्तावेज प्राप्त किया जा सकता है। यह सुविधा पहले नहीं थी, जिससे लोगों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। अब यह प्रक्रिया सरल, तेज और पारदर्शी हो गई है।

शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर

राज्य सरकार ने नागरिकों की सहायता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए टोल फ्री नंबर 14544 और हेल्प डेस्क नंबर 0612-3522300 जारी किया है। यदि किसी व्यक्ति को दस्तावेज प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या आती है, तो वह इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कर सकता है और आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकता है।

0 comments:

Post a Comment