नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार, गजट में प्रारूप प्रकाशित होने की तारीख से 60 दिनों तक सुझाव और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। लोग अपने सुझाव अपर सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग या आयुक्त, मगध प्रमंडल सह अध्यक्ष, जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, गया को डाक, कुरियर अथवा ई-मेल के माध्यम से भेज सकेंगे।
22,200 एकड़ में विकसित होगी टाउनशिप
प्रस्तावित मगध ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का विशेष क्षेत्र करीब 22,200 एकड़ में फैला होगा। इसमें गया जी, बोधगया और परैया प्रखंड के कुल 54 राजस्व गांव शामिल किए गए हैं। वहीं टाउनशिप के कोर क्षेत्र का विस्तार करीब 1,629 एकड़ में होगा, जिसमें 13 राजस्व गांव आएंगे।
योजना के तहत आवासीय इलाकों के साथ बाजार, व्यावसायिक क्षेत्र, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, संस्थागत क्षेत्र, मनोरंजन स्थल और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसका मकसद भविष्य में होने वाले शहरी विस्तार को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना और एक सुविधायुक्त आत्मनिर्भर शहरी केंद्र तैयार करना है।
जमीन पर लगी रोक भी हुई समाप्त
सरकार ने टाउनशिप के विशेष क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री, हस्तांतरण आदि पर 29 जुलाई से लागू रोक को भी समाप्त कर दिया है। विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। यह फैसला बिहार शहरी आयोजना तथा विकास बोर्ड की 8 सितंबर को हुई बैठक में प्रारूप को सार्वजनिक करने की अनुशंसा के बाद लिया गया।
योजना क्षेत्र में फिलहाल करीब 1.70 लाख आबादी, 27,533 भवन और 54,604 भूखंड हैं। कोर क्षेत्र में लगभग 3,533 भूखंड शामिल हैं। योजना में मौजूदा गांवों और बस्तियों को हटाने के बजाय उन्हें नई शहरी व्यवस्था के साथ विकसित करने पर जोर दिया गया है।

0 comments:
Post a Comment